जीरकपुर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग वीरवार को जीरकपुर स्थित अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार आलोक वर्मा का हाल जानने उनके घर पहुंचे। उन्होंने पंजाब में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चिंता प्रकट करते हुए परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कहा कि राज्य में हालात खराब होते जा रहे हैं। उन्हें प्रदेश में फैल रही अराजकता पर नकेल कसनी चाहिए। अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार आलोक वर्मा पर बुधवार तड़के कुछ लुटेरे जानलेवा हमला कर मोबाइल और नकदी भी छीन ले गए थे । उन्हें गंभीर हालत में जीएमसीएच-32 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिर पर 27 टांके लगे हैं।