चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पार्किंग फीस के नाम पर यात्रियों की जेब काटने की तैयारी चल रही है। आईआरएसडीसी (इंडियन रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कारपोरेशन) ने रेलवे स्टेशन के चंडीगढ़ और पंचकूला साइड की पार्किंग फीस का जिक्र टेंडर फाइल में किया है। इसके हिसाब से अगर पार्किंग की दर तय कर दी गई तो रेल यात्रियों और उन्हें छोड़ने के लिए स्टेशन आने वालों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
अभी जहां चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर कार पार्क करने पर 24 घंटे के लिए 20 रुपये देने पड़ते हैं, वहीं नई पार्किंग दर लागू होने पर इसके लिए 180 रुपये लेने का प्रस्ताव है। टेंडर फाइल में चार घंटे के लिए फिक्स अमाउंट (तय राशि) निर्धारित करने और उसके बाद हर दो घंटे बाद पार्किंग के लिए एक्सट्रा चार्ज लेने का प्रस्ताव है।
ऐसे बढ़ेगी पार्किंग की फीस
टेंडर इंडेक्स के मुताबिक, पहले चार घंटे के लिए लाइट व्हीकल/कार/जीप आदि के लिए फीस 30 रुपये निर्धारित किए गए हैं। उसके हर दो घंटे बाद 15 रुपये अतिरिक्त जुड़ते चले जाएंगे। वहीं, मासिक पास के एवज में नए पार्किंग दर के मुताबिक, कार पार्किंग के 4000 रुपये प्रति माह देने होंगे जबकि अभी 600 रुपये महीने में पास बनता है।
इसके अलावा ऑटो रिक्शा पार्किंग में पहले चार घंटे के लिए 20 रुपये पार्किंग की दर रखी गई है। उसके बाद हर दो घंटे पर 10 रुपये अतिरिक्त चार्ज लगेगा। वहीं ऑटो रिक्शा का मासिक पास के लिए ऑटो रिक्शा संचालकों को 2000 रुपये देने होंगे, जबकि पहले 24 घंटे के लिए ऑटो की फीस 15 रुपये और मासिक 445 रुपये है। बाइक पार्किंग की अभी 24 घंटे की फीस 10 रुपये, मासिक फीस 200 रुपये और साइकिल की मासिक फीस 100 रुपये है।
एयरपोर्ट पर सफल नहीं हुआ, अब रेलवे स्टेशन पर लगेगा ऑटोमेटिक बूम बैरियर
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के चंडीगढ़ और पंचकूला साइड बूम बैरियर लगेगा। इस एरिया के दोनों छोर पर ऑटोमेटिक बूम बैरियर लगाने की तैयारी है। इससे पर्ची लेने पर ही गेट खुलेगा। सहूलियत यह रहेगी कि स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में जाने और बाहर निकलने का रास्ता तय होगा लेकिन अब सवाल यह है कि चंडीगढ़ इंटरनेेशनल एयरपोर्ट पर लगा बूम बैरियर सफल नहीं हो पाया, जिसके बाद मजबूरन लोगों के ऑब्जेक्शन के बाद उसे हटाना पड़ा था, अब देखना होगा कि क्या चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बूम बैरियर सफल हो पाएगा।
पार्किंग दर बढ़ने का मुझे नहीं पता : प्रोजेक्ट मैनेजर
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर निजी कंपनी की ओर से काम देख रहे प्रोजेक्ट मैनेजर ताराचंद से रेलवे स्टेशन पर बढ़ने वाले पार्किंग की दर के संबंध में बात की गई, तो उन्होंने बताया कि इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सकता।
पार्किंग रेट बढ़ाने का प्रस्ताव बनाकर हेड ऑफिस को मंजूरी के लिए भेजा गया है। पार्किंग रेट कितना बढ़ेगा, यह मंजूरी के बाद ही बता पाऊंगा।
- बलबीर सिंह, जीएम, आईआरएसडीसी, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन