मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड डेलीवेज कर्मचारी यूनियन की ओर से वीरवार को गेट रैली की गई और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया गया। संघ के अध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि बोर्ड के डेलीवेज कर्मचारियों ने 1 फरवरी से 8 फरवरी तक अपनी मांगों को लेकर बोर्ड कार्यालय के बाहर धरना दिया और प्रशासन ने मांगों के समाधान के लिए 15 फरवरी को शिक्षा मंत्री के साथ बैठक करवाकर मांगों को हल करवाने के लिए सहमति बनाई थी, जिसके बाद धरना स्थगित कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के कार्यालय ने 28 फरवरी को बैठक की तारीख देने के बाद बैठक रद्द कर दी, फिर यह बैठक भी रद्द कर दी गई और अब अगली बैठक का समय 4 मार्च को दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के बार-बार बैठकें रद्द करने के व्यवहार के कारण डेलीवेज के कर्मचारियों द्वारा अगले संघर्ष की रूपरेखा तैयार करने के लिए गेट रैली की गई। यूनियन के महासचिव इंदरजीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार ने 7 फरवरी 2022 को नोटिफिकेशन जारी कर बोर्ड के 525 कर्मचारियों को नियमित करने की घोषणा की थी और फॉर्म भरने के बाद आगे की प्रक्रिया के लिए कमेटी का गठन किया था, लेकिन अब 15 महीने बीत जाने के बावजूद अभी तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा गठित समिति पिछले 15 महीनों से बार-बार अपनी बैठकें रद्द कर रही है और उनकी मांगों पर कुछ नहीं किया जा रहा। बोर्ड प्रबंधन श्रम कानूनों के लगातार उल्लंघन के कारण डेलीवेज के कर्मचारियों के साथ बंधुआ मजदूरों जैसा व्यवहार कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग द्वारा जारी अधिसूचना का कोई लाभ नहीं मिल रहा है और श्रम विभाग द्वारा बोर्ड का चालान भी कर दिया गया है। यूनियन अध्यक्ष राज कुमार ने कहा कि कर्मचारियों ने पिछली सरकारों से तंग आकर आम आदमी पार्टी सरकार का समर्थन किया था, लेकिन यह सरकार भी पिछली सरकारों की तरह कर्मचारियों का शोषण करने में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि यदि 4 मार्च की बैठक भी रद्द या स्थगित की गई तो कर्मचारी बड़े आंदोलन के लिए चलने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर सीटू के जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह और बोर्ड कर्मचारी नवदीप सिंह, मनदीप सिंह, कर्ण सिंह, दविंदर सिंह, बूटा सिंह, भगवंत सिंह, जगमोहन सिंह, तेजिंदर सिंह, हरविंदर सिंह, सृष्टा, राजपाल कौर, सुखविंदर कौर, सुषमा कुमारी, गुरजीत कौर, प्रीति शर्मा, नरिंदर कौर भी मौजूद थे।