मोहाली। काउंसिल ऑफ रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन एंड सोसाइटी, मोहाली के नेता राजविंदर सिंह प्रधान, पाल सिंह रत्तू ने कहा है कि गमाडा निजी बिल्डरों को फायदा पहुंचाने के लिए अपने सेक्टरों में अनावश्यक देरी कर रहा है। जिसके कारण लोगों को निजी बिल्डरों से प्लॉट या मकान खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।नेताओं ने कहा कि गमाडा के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों ने निजी बिल्डरों के साथ मिलकर अपनी संपत्तियों को बेचने के लिए इन क्षेत्रों के विकास में देरी की है। उन्होंने कहा कि गमाडा ने पहले सेक्टर 76 से 80 के विकास में देरी की और लोगों को कोर्ट जाने के लिए मजबूर किया। इसी तरह सेक्टर 88-89 के विकास में देरी हुई और काफी समय बाद लोगों को प्लॉटों पर कब्जा मिला। उन्होंने कहा कि गमाडा के कुछ अधिकारियों की ओर से निजी बिल्डरों के साथ मिलीभगत कर विकास कार्य रोककर निजी बिल्डरों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
नेताओं ने कहा कि गमाडा एक-एक कर प्राइवेट बिल्डरों को लाइसेंस जारी कर रहा है, जिसका खामियाजा पंजाब सरकार और आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर लाइसेंस जारी करने से मोहाली शहर की योजना पर असर पड़ना तय है, जिससे इस शहर के विकास की निरंतरता खत्म हो रही है। उनकी मांग है कि पुराने सेक्टरों का विकास पूरा होने तक निजी बिल्डरों को नए लाइसेंस जारी करने पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि अगर प्राइवेट बिल्डरों को नहीं रोका गया तो स्थिति गमाडा और पुडा के नियंत्रण से बाहर हो जाएगी।