मोहाली। निजी स्कूलों के लिए पहली बार फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्ज एंड एसोसिएशन ऑफ पंजाब द्वारा एफएपी स्टेट अवार्ड शुरू करने की घोषणा की गई है। इन पुरस्कारों के तहत सर्वश्रेष्ठ स्कूल, सर्वश्रेष्ठ प्राचार्य, सर्वश्रेष्ठ शिक्षक और सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी का चयन विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत किया जाएगा। इस संबंधी जानकारी वीरवार को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में आयोजित कांफ्रेंस में फेडरेशन के अध्यक्ष जगजीत सिंह धुरी दी।
उन्होंने बताया, पुरस्कारों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 मई है। जबकि स्कूल श्रेणी के 3 पुरस्कार 12 जून को आयोजित समारोह में दिए जाएंगे। पंजाब के 21 जिलों में एक-एक कार्य प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो नामांकन सूची तैयार करने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि शेष श्रेणियों के तहत दिए जाने वाले पुरस्कार 3 सितंबर को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, घड़ुआं में आयोजित समारोह में दिए जाएंगे। पुरस्कार नामांकन के लिए उम्मीदवार 222.द्घड्डश्चड्ड2ड्डह्म्स्रह्य.द्बठ्ठ वेबसाइट से विस्तृत विवरण ले सकते हैं। स्कूलों और सामाजिक स्तर पर अनुकरणीय योगदान देने वाले प्राचार्यों को सम्मानित करने के लिए हाई डायनेमिक प्रिंसिपल अवार्ड की घोषणा की गई है। यह पुरस्कार उन प्राचार्यों को मिलेगा, जिन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सुधार करने, पढ़ाने और सिखाने के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करते हुए अभिभावकों और समुदाय के साथ उचित समन्वय स्थापित किया है। फेडरेशन द्वारा द्रोणाचार्य पुरस्कार उन शिक्षकों के सम्मान में दिया जाएगा, जिन्होंने शिक्षण के क्षेत्र में एक योग्य भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राज्य के मेधावी छात्रों की शैक्षणिक और खेल उपलधियों को सम्मानित करने के लिए मान पंजाब का’ पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार सीबीएसई, पीएसईबी, आईएससीई और अंतरराष्ट्रीय बोर्डों से संबंधित विद्यार्थियों को दिया जाएगा, जिन्होंने जिला स्तर पर 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस श्रेणी में वे विद्यार्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है।