मोहाली। फेज-6 के डाॅ. बीआर आंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के लिए एक नई मशीन का उद्घाटन होने जा रहा है। एम्स की डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. भवनीत भारती ने बताया कि ओटी के लिए ब्रोंकोस्कोपी मशीन का उद्घाटन होने जा रहा है। इस मशीन से मरीजों के फेफड़ों की जांच की जाएगी और इलाज भी मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मशीन को मरीजों के लिए उपलब्ध करवाने से पहले इसकी पूरी तरह से जांच की जाएगी एवं टेक्नीशियन को इसके इस्तेमाल के बारे में बताया जाएगा। मशीन लगभग दस दिनों में मरीजों के लिए उपलब्ध करवाई जाएगी। यह मशीन न होने के कारण वह जांच के लिए पीजीआई या निजी अस्पतालों में चक्कर काटते थे। लेकिन अब मरीजों को इस मशीन से निजी अस्पतालों में महंगे फीस देकर इलाज करवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इन बीमारियों का इलाज करने में होगी सहायक
ब्रोंकोस्कोपी एक चिकित्सा प्रक्रिया है, जिसका उपयोग श्वसन तंत्र के अंदर की जांच के लिए किया जाता है। इसमें एक विशेष प्रकार का यंत्र, जिसे ब्रोंकोस्कोप कहा जाता है, मरीज के नाक या मुंह के माध्यम से श्वसन नलिकाओं में डाला जाता है। इसके जरिए डॉक्टर श्वसन नलिकाओं और फेफड़ों के अंदर की स्थिति का निरीक्षण कर सकते हैं और रोगों का पता लगा सकते हैं, जैसे संक्रमण, ट्यूमर, या धूल और प्रदूषण से संबंधित समस्याएं। ब्रोंकोस्कोपी तकनीक में कुछ नए विकास हुए हैं। इसमें मिनिमल-इनवेसिव तकनीक का उपयोग बढ़ा है, जिससे मरीजों के लिए प्रक्रिया कम दर्दनाक और जल्दी ठीक होने वाली हो गई है। साथ ही, नई तकनीकों की मदद से डॉक्टर बिना सर्जरी के बायोप्सी ले सकते हैं, जो कैंसर जैसी बीमारियों का जल्द पता लगाने में मदद करती हैं।