मोहाली। अगर राज्य सरकार आने वाले समय में 12वीं की परीक्षा करवाने का फैसला लेती है तो पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) केंद्र सरकार के बैठक में रखे पहले विकल्प को चुनेगा।
इस विकल्प के तहत परीक्षा केंद्रों पर मेजर विषयों की परीक्षा होगी। परीक्षा का समय तीन घंटे रहेगा। यह जानकारी सोमवार को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन प्रो. योगराज ने दी। उन्होंने कहा कि वह राज्य सरकार के दिशानिर्देशों के तहत ही फैसला लेंगे। हालांकि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पीएसईबी के चेयरमैन प्रो. योगराज ने ऑनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इस बार परीक्षा में 3.18 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों में पहुंचा दिए गए हैं। राज्य में 2600 के करीब केंद्र बनाए गए हैं। जैसे ही सरकार परीक्षाओं को लेकर फैसला लेती है। उसके बाद जून में परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी जाएगी। इसमें हर संकाय के मेजर विषयों की परीक्षा होगी। जो विद्यार्थी परीक्षा वाले दिन संक्रमित पाए जाते हैं या फिर वह फिट नहीं होते हैं, तो उन्हें विशेष मौका दिया जाएगा।
इतना ही नहीं 10वीं और 8वीं के उन सभी विद्यार्थियों को एक विकल्प दिया है, जो अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं। जिक्रयोग है कि कोविड की वजह से परीक्षाएं टल रही हैं। पीएसईबी की परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों में पंजाब के अलावा हिमाचल, यूपी, बिहार, उत्तराखंड के विद्यार्थी भी शामिल हैं।