मोहाली। कोरोना काल में प्रदेश में निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने दो दिवसीय प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट करवाने का फैसला लिया है। इस समिट का आगाज मंगलवार को इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) में वर्चुअली होगा। यह समिट उद्योग एवं कॉमर्स विभाग पंजाब और पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन की ओर से करवाया जा रहा है। मोहाली की डीसी ईशा कालिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि 27 अक्तूबर को लुधियाना के होटल किंग्स में यह समिट व्यवहारिक तौर पर करवाया जा रहा है। इसकी सभी तैैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उम्मीद है कि इस समिट से पंजाब को फायदा होगा।
जानकारी के मुताबिक पिछले कई साल से राज्य सरकार की ओर से निवेशकों को पंजाब में निवेश करने के लिए यह समिट करवाया जाता रहा है। लेकिन कोरोना काल की वजह से यह समिट बीच में ही रह गया था। लेकिन एक बार फिर से हालात सुधरने लगे हैं। ऐसे में सरकार ने दोबारा इस दिशा में कदम बढ़ाए हैं। सरकार की कोशिश यहीं है कि विधानसभा चुनाव से पहले कुछ ऐसे काम किए जाएं, जिससे लोगों में उनके प्रति एक विश्वास कायम हो। हालांकि यह सम्मेलन उसी समय तय हो गया था, जब कैप्टन अमरिंदर सिंह राज्य के मुख्यमंत्री थे। इसके लिए सरकार के अधिकारी कई जगह कार्यक्रम तक कर चुके हैं। हालांकि मंगलवार को होने वाले कार्यक्रम के बारे में डीसी ईशा कालिया ने बताया कि कोविड-19 की एसओपी का पालन किया जाएगा।
इस दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में इस कार्यक्रम का प्रसारण वर्चुअली किया जाएगा। इसके तहत जिला उद्योग केंद्र की ओर से एसटीपीआई फेज-8ए में सम्मेलन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान डेराबस्सी, मोहाली, चनालो, फेज-9 और सेक्टर-82 में उद्योगपति हाजिर रहेंगे। इस समिट में मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी की ओर से सूबे में बिजनेस के लिए अपना विजन और उपलब्धियां साझा की जाएंगी। उद्योगपतियों और निवेशकों के लिए इसके न्योता पत्र पहले ही भेजे जा चुके हैं।