मोहाली। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़ूआं और फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स एंड एसोसिएशन ऑफ पंजाब की ओर से शुक्रवार को 5वें एफएपी नेशनल अवॉर्ड्स 2025 का आयोजन किया। कार्यक्रम में देशभर के 800 से अधिक स्कूलों, प्रिंसिपल, टीचर और छात्रों को सम्मानित किया गया।
हरियाणा के गवर्नर प्रो. आशिम कुमार घोष ने अवॉर्ड समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनकी पत्नी मित्रा घोष भी उनके साथ उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में हरियाणा के गवर्नर आशिम कुमार घोष ने कहा कि हमारे देश में स्कूली शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में प्राइवेट सेक्टर की अहम भूमिका है। भारत के लगभग 14.72 लाख स्कूलों में से 3.40 लाख प्राइवेट स्कूल हैं, जो कुल स्कूलों का 23% हैं। इस मौके सांसद सतनाम सिंह संधू ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इसके अलावा डॉ. जी इमैनुएल, डॉ. जगजीत सिंह धुरी, प्रो. रविराजा एन. सीताराम, दीपइन्दर सिंह संधू और गायक गुरनाम भुल्लर शामिल थे।