मोहाली। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की तारीखों की घोषणा होते ही मोहाली विधानसभा हलके में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। सभी प्रमुख दलों ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दी हैं। नेताओं ने लगातार बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। आप पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह, कांग्रेस के पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, शिरोमणि अकाली दल के जिला प्रधान परविंदर सोहाना और भाजपा के जिला प्रधान संजीव वशिष्ठ ने कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को दोपहर बाद रणनीतिक बैठक करके चुनावी माहौल को सक्रिय कर दिया है। नेताओं का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और संभावित उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने पर है। चुनाव आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार नामांकन पत्र एक दिसंबर से चार दिसंबर तक दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 14 दिसंबर को बैलेट पेपर से चुनाव होंगे और वोटों की गिनती 17 दिसंबर को होगी। परिणाम घोषित होने के साथ ही जिले में नई पंचायत समितियों और जिला परिषद की तस्वीर साफ हो जाएंगी।