मौके पर पहुंची पुलिस और जुटे स्थानीय लोग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला-नारायणगढ़ मार्ग स्थित हंडेसरा के निकट कोल्ड स्टोर के पास एक निजी बस ने जुगाड़ बाइक रेहड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में रेहड़ी पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस जांच कर रही है। तीनों की उम्र 20 वर्ष से कम बताई जा रही है।
हंडेसरा पुलिस के एएसआई जतिंदर पाल ने बताया कि रविवार शाम करीब तीन बजे हादसे की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार जुगाड़ बाइक-रेहडी पर तीन युवक जिनकी उम्र 20 वर्ष से कम लगती है, अंबाला से हंडेसरा की ओर सब्जी लादकर आ रहे थे। जैसे ही वह हंडेसरा के पास कोल्ड स्टोर के नजदीक पहुंचे तो एक निजी बस ने उनकी जुगाड़ बाइक-रेहड़ी को टक्कर मार दी। जिसके चलते दो नौजवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। राहगीरों ने जख्मी को तुरंत सरकारी अस्पताल अंबाला में उपचार के लिए भेजा। उसकी भी उपचार दौरान मौत हो गई।
दोनों शवों को सरकारी अस्पताल डेराबस्सी की मोर्चरी में रखवा दिया है। जबकि तीसरे युवक का शव अंबाला अस्पताल में है। पुलिस ने बताया कि जुगाड़ बाइक-रेहड़ी पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी जिस कारण मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों के वारिसों का पता लगाने में जुटी हुई है। बस को कब्जे में ले लिया है, जबकि हादसे के बाद बस चालक फरार है।