मोहाली में अपनी दुकान पर पोस्टर लगाते अमरीक सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। वहीं पंजाब के मोहाली में अब दुकानदार अन्नदाताओं के पक्ष में उतर आए हैं। दुकानदारों ने अपने बिजनेस की परवाह किए बगैर दुकानों के बाहर पोस्टर और स्टीकर लगाना शुरू कर दिया है। जिसमें साफ शब्दों में उन्होंने लिखा है कि 'अंधभक्तों' को यहां आने की अनुमति नहीं है। हम अपने किसानों का समर्थन करते हैं।
ये पोस्टर एक दुकान या गांव में नहीं, बल्कि कई नामी स्टोरों पर लगे हैं। इन पर साफ लिखा है कि अंधभक्तों को दुकानों के अंदर आने की आज्ञा नहीं है। हम अपने किसान भाइयों के साथ हैं। भले ही इसके लिए हमें नुकसान ही क्यों न उठाना पड़े।
इन लोगों का कहना है कि भले ही आज हम कहीं भी पहुंच जाएं लेकिन हमारे अंदर भी एक किसान जीता है। इतना ही नहीं कुछ समय पहले जब देश के प्रधानमंत्री ने मन की बात की थी तो किसान यूनियन के न्योते पर मोहाली के दुकानदारों ने एक एलईडी मार्केट में लगाई थी। जब प्रधानमंत्री मन की बात कर रहे थे तब लोग थाली बजाकर मन की बात का विरोध कर रहे थे।
किसानों की मदद के लिए खोले सहयोग दान केंद्र
मोहाली के जो लोग किसानों के आंदोलन में शामिल होने दिल्ली नहीं जा सकते। ऐसे लोगों के लिए बाजारों में खास सहयोग दान केंद्र बनाए गए हैं। यहां पर किसान यूनियन से जुड़े लोग और समाजसेवी बैठ रहे हैं। ये लोग नए कृषि कानूनों की खामियां बता रहे हैं। इतना ही नहीं अगर कोई व्यक्ति अन्नदाताओं की सहायता करना चाहता है तो वहां पर जाकर सहयोग दे सकता है।