मोहाली। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए अब पूरा पॉलीवुड आगे आया है। इसी मामले को लेकर मंगलवार को राज्य सरकार को एक पत्र लिखा गया है। इसमें फिल्म इंडस्ट्री से कलाकारों और दिग्गजों ने हस्ताक्षर किए हैं। साथ ही सरकार से इस दिशा में पहल के आधार कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पंजाबी फिल्म एंड टीवी एक्टर्स एसोसिएशन (पीएफटीएए) का नया प्रधान कॉमेडियन, फिल्म अभिनेता, गायक व सीएम भगवंत मान के दोस्त करमजीत अनमोल को चुना गया। इससे पहले इस एसोसिएशन के प्रधान गुरप्रीत घुग्गी थे।
सेक्टर-78 स्थित एक निजी कॉलेज में पीएफटीएए की बैठक हुई। इसमें इंडस्ट्री से जुड़े कई दिग्गज शामिल हुए। साथ ही एसोसिएशन के नए प्रधान की औचारिकताएं पूरी करके करमजीत अनमोल को प्रधान चुना गया। वहीं पहले की तरह ही गुग्गू गिल और योगराज सिंह को एसोसिएशन का चेयरमैन, निर्मल रिशी को संरक्षक रहने दिया गया। इसके साथ ही गत तीन सालों से एसोसिएशन के महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे मलकीत रौनी आगे भी उक्त जिम्मेदारी ही निभाएंगे। वहीं भारत भूषण वर्मा को कैशियर और शविंदर माहला और देव खरौद को उपप्रधान के तौर पर चुना गया। वहीं, विशेष कमेटी के सदस्यों के तौर पर तरसेम जस्सर, रणजीत बावा, बब्बल राय, गुरप्रीत पंगू, रूपिंदर रूपी, सीमा कौशल, राज धालीवाल, निशा बानो, तन्वी नागी, डॉक्टर रंजीत वर्मा, परमजीत पंगु और परमवीर सिंह चुना गया।
‘किसी को भी तकलीफ होती है तो मेरे दिल में होती है टीस’
पंजाबी फिल्म अभिनेता व हास्य कलाकार गुरप्रीत घुग्गी ने कहा कि पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री मेरा परिवार है। यहां किसी को भी तकलीफ होती है तो मेरे दिल में टीस होती है। वहीं जब सिद्धू की मौत की खबर सुनी तो हर कोई उसकी मौत से मायूस था। यहां तक जो लोग उससे जानते तक नहीं थे, वे तक रो रहे थे। दूसरी भाषाओं के लोग भी उसकी गाने गा रहे हैं। बीते कुछ सालों में हमने ऐसे कई हादसों को देखा है जिन्हें इंसाफ नहीं मिला। कोविड की शुरुआत में भी कई कलाकारों ने अपनी जान गंवा दी थी। ऐसे में हमारी एसोसिएशन ने कलाकार जगत के लोगों को इंसाफ दिलवाने और कलाकारों के मन से डर निकालने के लिए पंजाब सरकार को एक पत्र लिखा है। इसमें शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला के आरोपियों को तलाश कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
अब घर से निकलने का लगता है डर
सिद्घू की मौत के बाद अब अकेले कहीं जाने में डर लगता है। जब कोई गाड़ी पास से गुजरती है तो एक पल के लिए सहम जाता हूं। मेरी सरकार से यही अपील है कि हम सभी के मन से यह डर निकाला जाए। वहीं आज के इस कार्यक्रम में मेरी विनती है कि सरकार फिल्म अदाकारों को उनका बनता मुकाम दे। -सरदार सोही, पंजाबी फिल्म अभिनेता
जो जिम्मेदारी सौंपी, उसे अच्छी तरह निभाऊंगा
एसोसिएशन ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है। मैं उसे पूरे दिल से निभाऊंगा लेकिन गुरप्रीत घुग्गी के दिशानिर्देश में सब होगा क्योंकि अभी मुझे भी बहुत कुछ सीखना है। वहीं एसोसिएशन की ओर से जो मुद्दे उठाए गए हैं। वह पंजाब के सीएम से मिलकर जल्द सांझा किए जाएंगे। इनमें सबसे पहला मुद्दा सिद्धू मूसेवाले के परिजनों को इंसाफ दिलाना है। -करमजीत अनमोल, फिल्म अभिनेता