डेराबस्सी। हलका विधायक एनके शर्मा ने वीरवार को कहा कि डेराबस्सी के लोगों ने चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों को पूरी तरह से नकार दिया है। इसलिए अपनी हार को देखते हुए कांग्रेसी बौखला चुके हैं और प्रशासन की मदद से गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। एनके शर्मा यहां अमरदीप कॉलोनी में वार्ड नंबर-14 से शिरोमणि अकाली दल प्रत्याशी हरजिंदर सिंह रंगी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर-14 के लोगों की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी को नकारे जाने के बाद वह अब गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। अकाली प्रत्याशी के पोस्टर फाडे़ जा रहे हैं और समर्थकों को धमकाया जा रहा है। एनके शर्मा ने कहा कि दीपेंद्र सिंह ढिल्लों जिस भ्रष्ट व्यक्ति को डेराबस्सी नगर परिषद की बागडोर सौंपना चाहते हैं उसने लॉकडाउन में न केवल शराब बेची, बल्कि गरीबों के लिए एकत्र राशन में भी घोटाला किया था।
इस मौके पर अकाली दल प्रत्याशी हरजिंदर सिंह रंगी ने कहा कि उनको रेड्डी एनक्लेव, अमरदीप कॉलोनी, गोविंद विहार और ईस्सापुर कॉलोनी निवासियों की ओर से भरपूर समर्थन मिल रहा है, इसके लिए मैं इन सभी का धन्यवाद करता हूं। जबकि आदर्श नगर और सरस्वती विहार में पहले ही उनको अच्छा जन समर्थन मिल रहा है। रंगी ने कहा कि उन्होंने दस साल तक अपने दामन पर कोई दाग नहीं लगने दिया और लोगों की सेवा ही मुख्य एजेंडा रखा है। दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी का भ्रष्टाचार ही मुख्य कारोबार है। जिसने यहां के लोगों से हफ्ता वसूली के अलावा और कुछ नहीं किया। इसके बाद हरजिंदर सिंह रंगी ने अपने विरोधी कांग्रेस प्रत्याशी रणजीत सिंह रेड्डी को भ्रष्टाचार और वार्ड के विकास के नाम पर खुली बहस की चुनौती दी।
इस अवसर पर अमरदीप नगर निवासी एवं समाजसेवी ट्यूबवेल इंजीनियर गुरदर्शन सिंह सैनी, जसविंदर सिंह, जसपाल सिंह, राजिंदर सिंह ईस्सापुर, ईस्सापुर कॉलोनी निवासी गगनदीप सिंह, नरिंदर सैनी, रविंदर धीमान, गुरनाम सिंह, बलविंदर कौर ईस्सापुर, धर्म सिंह, सुखविंदर सिंह, रविंदर सिंह ईस्सापुर, ईवान सिंह नागरा और अन्य लोग मौजूद थे।