मोहाली। जिले में पर्यावरण को हराभरा बनाने का संकल्प अब जिला पुलिस विभाग ने अपने कंधों पर लिया है। इसका आगाज सोमवार को पुलिस अधिकारियों की ओर से थानों के अंदर पौधरोपण करके किया गया। पेड़ों की हो रही अंधाधुंध कटाई और वाहनों के धुएं से निकलने वाले प्रदूषण का असर सीधा आम आदमी की जीवनशैली पर पड़ रहा है। यह बात सोमवार को फेज-11 पुलिस थाने में डीएसपी-2 हरसिमरन सिंह बल की ओर से किए गए पौधरोपण के दौरान कही गई। उन्होेंने कहा कि जिस तरह से आज हम प्रदूषण की चपेट में आ चुके हैं, इसका सीधा असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा। अगर ऐसे ही पेड़ों की कटाई और सड़क पर वाहन बढ़ते रहेंगे तो एक दिन ऐसा आएगा, जब हमारे पास चीजें तो सब होंगी। लेकिन नहीं होगी तो साफ-सुथरी सांसें। जो हमें वृक्ष प्रदान करते हैं। मेरी लोगों से अपील है कि प्रत्येक व्यक्ति कुछ करे चाहे न करे, लेकिन एक पौधा लगाकर इसकी देखरेख जरूर करें।
जानकारी के मुताबिक जिला पुलिस विभाग ने सभी थानों और चौकियों में पौधे लगाने का फैसला लिया है। इसके तहत 10 हजार पौधे पुलिस विभाग से जुड़ी इमारतों के अंदर लगाए जाएंगे। वहीं, सोमवार को मटौर पुलिस थाने के अलावा फेज-11 पुलिस थाना में आलाधिकारियों ने पहुंचकर मुहिम का आगाज किया। वहीं, 10 हजार पौधे के लक्ष्य को जल्द से जल्द हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं।