मोहाली। वीआईपी जिले की पुलिस बुधवार शाम उस समय आफत में आ गई, जब कंट्रोल रूम पर एयरपोर्ट पर स्थित गांव बाकरपुर के पास से एक अर्टिगा गाड़ी लूटने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे जिले की सीमाओं और अंदरूनी रास्तों को सील कर दिया। जब पुलिस की टीमें घटना स्थल पर पहुंचीं तो उनकी मुश्किल और बढ़ गई क्योंकि स्नैच हुई कार का चालक मदहोशी की हालत में था। वह कार के बारे में कुछ भी सही तरीके से नहीं बता पा रहा था। वहीं जो नंबर पीड़ित ने कार का बताया था, उसके बारे में भी सही जानकारी नहीं लग रही थी।
पुलिस का कहना है कि कार चालक पूरी तरह से ठीक नहीं था। ऐसा लग रहा था जैसे कि उसने कोई नशा किया हुआ हो। चालक पुलिस को यह भी बता नहीं पा रहा था कि कार कहीं से लूटी गई है या फिर वह खुद ही कार को कहीं पर खड़ी करके भूल गया है। संपर्क करने पर सोहाना थाने के एसएचओ राजेश हस्तिर ने बताया कि फिलहाल पुलिस कार चालक से पूछताछ कर रही है जो फिलहाल ठीक हालत में नहीं है।
पुलिस पीड़ित का नशा उतरने के इंतजार में जुटी, फिर होगी कार्रवाई
कार चालक की पहचान नरिन्द्र सिंह के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह राजस्थान का रहने वाला है और उसकी अर्टिगा कार लूट ली गई है। पुलिस अब उसका नशा उतरने के इंतजार में है।
जिक्रयोग है कि मोहाली में कार लूट की घटनाएं आम हैं। सोहाना थाने के एरिया में पहले भी कार लूटने के मामले सामने आ चुके हैं। इतना ही नहीं कुछ समय पहले पुलिस ने उक्त एरिया में वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह भी काबू किया था।