मोहाली। कोरोना के कहर के कारण देश भर में चल रहे लॉकडाउन के बीच पीजी मालिक की ओर से किराया मांगने और रूम खाली करवाने की कोशिश करने के चलते थाना फेज-8 में पीजी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मोहाली में यह अपनी तरह का पहला मामला है। पुलिस ने अभी तक पीजी मालिक को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस ने ऊषा नामक युवती की शिकायत पर गांव कुंभड़ा के पीजी मालिक हरबीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ऊषा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दैनिक वेतन पर कुंभड़ा गांव के पास कुछ घरों में मेड का काम करती है।
22 मार्च से कर्फ्यू लगने के बाद वह अपने काम पर नहीं जा सकी, जिसके चलते उसकी आमदनी बंद हो गई। ऊषा का आरोप है कि पीजी मालिक हरबीर सिंह उस पर मार्च का किराया देने का दबाव बना रहा था। किराया देने में असमर्थता जताने पर हरबीर ने उसके साथ मारपीट की और धमकाते हुए रूम खाली करने को कहा था।
कोट्स
डीसी के आदेशों अनुसार कोई भी पीजी या मकान मालिक अपने किराएदार को लॉकडाउन के दौरान किराया देने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। गांव कुंभड़ा के हरबीर सिंह के खिलाफ किराएदार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-भूपिंदर सिंह, एएसआई, जांच अधिकारी