मोहाली। वीआईपी जिले में कोरोना महामरी के चलते लगे कर्फ्यू के दौरान घरों से निकलने में अपनी शान समझने वाले लोगों की खैर नहीं है। अब ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने ड्रोन की सेवाएं लेना शुरू कर दी है । इस संबंधी एसएसपी कार्यालय स्थित बिल्डिंग में स्पेशल कंट्रोल रूम गठित किया है। जहां पर सभी जगह से फोटो तक पहुंच रही है। शुक्रवार को ड्रोन की मदद से नियम तोड़ने वाले कई लोगों पर केस दर्ज किया गया। साथ ही उनके वाहन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा कई इलाकों में नाके लगाए गए। प्रशासन का साफ कहना है कि अब हर हाल में इस महामारी को हराना है। तभी शहर की लाइफ लाइन बहाल हो जाएगी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को पूरे जिले में 78 केस रजिस्ट्रर किए गए। यह सब वहीं, लोग है, जिन्होंने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उडाई है।
एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करने की बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीस एफआईआर जीरकपुर, 28 डेराबस्सी, 12 लालडू, 12 ढकौली व 6 केस हंडेसरा में दर्ज किए गए। वहीं, 60 वाहनों को पुलिस की तरफ से जब्त किया गया है। इसके अलावा मोहाली में बलौंगी पुलिस, खरड़ पुलिस व सभी थानों की पुलिस ने कई वाहनों को जब्त किया। एसएसपी ने बताया कि ड्रोन इस काम में काफी फायदेमंद साबित हो रहे हं। ड्रोन से उन लोगों पर नजर रखी जा रही है जो कि घरों से निकल आते हैं। इसके साथ ही गलियों और पार्किंग एरिया में घूमते रहते हैं। उन्होंने साफ किया है कि उनकी तरफ से सभी एसएचओ को कहा है कि वह कर्फ्यू नियम तोड़ने वालों पर केस दर्ज करें। वहीं, जिन लोगों के कर्फ्यू पास खत्म हो गए हैं, लेकिन इलाकों में घूम रहे है। उन पर भी पुलिस की तरफ से सख्त कार्रवाई की जाएगी।