पुलिस की गिरफ्त में कैंटर चालक और बरामद शराब की पेटियां।
- फोटो : MOHALI
कुराली। माजरी पुलिस ने गुप्त सूचना पर नाका लगाकर एक कैंटर से चंडीगढ़ मार्का शराब बरामद कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। इस कैंटर में तस्करी के लिए ले जाई जा रही अवैध शराब की अलग-अलग ब्रांड की 212 पेटियां बरामद हुई हैं। माजरी पुलिस ने कैंटर चालक सहित शराब के दो ठेका मालिकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसएचओ अमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस पार्टी ने चंडीगढ़ की तरफ से आ रहे एक कैंटर नंबर पीबी 13एस 7401 को रोक कर जब उसकी चेकिंग की तो उसमें से सेल फॉर चंडीगढ़ मार्का अवैध शराब की पेटियां बरामद हुई। कैंटर चालक की पहचान सुखविन्द्र सिंह निवासी गांव चक बुणैन हरदे ढढी जिला फिरोजपुर के तौर पर हुई है। जो चंडीगढ़ धनास में स्थित शराब के ठेके से शराब खरीद कर पंजाब में महंगे दामों पर बेचने का काम करता है।
इस कैंटर में पुलिस ने रॉयल स्टैग की 50 पेटी, रेड लेवल की 9 पेटी, वैलेनटाइन की 3 पेटी, इम्पीरियल ब्ल्यू की 25 पेटी, रॉयल जनरल की 25 पेटी, रॉयल चैलेजर की 50 पेटी और नैणा मार्का की 50 पेटियां बरामद की गई हैं। इस मौके पर एसएचओ अमनदीप सिंह और एक्साइज इंस्पेक्टर जोरावर सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई कर सुखविंदर सिंह और चंडीगढ़ धनास में शराब के ठेके के मालिक अरुण सिंगला और सीतल के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।