मोहाली। सेक्टर-70 के जुबली वॉक के बाहर खड़ी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी से लाइसेंसी पिस्टल, सात मैगजीन, 15 हजार रुपये नकद और एक पर्स चोरी हो गया। यह घटना थाना मटौर क्षेत्र की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तरनतारन जिले के किसान जरनैल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में जुबली वॉक आए थे। उन्होंने गाड़ी पेट्रोल पंप के पीछे पार्क की और कॉफी पीने चले गए। कुछ देर बाद उन्हें याद आया कि गाड़ी का एक दरवाजा खुला रह गया था। लौटने पर उन्होंने देखा कि गाड़ी से उनका बैग गायब था।
पुलिस की जांच और अपील
थाना मटौर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी की वारदात को किसी एक व्यक्ति ने अंजाम दिया या कोई गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय दरवाजों को अच्छी तरह लॉक करें और कीमती सामान गाड़ी में न छोड़ें।