जीरकपुर। ढकोली की कृष्णा एंक्लेव में प्रशासन की तरफ से बुधवार को पीने वाले पानी के लिए नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया गया। गौरतलब है कि लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे कृष्णा एंक्लेव के लोगों की परेशानियों को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और कार्रवाई करते हुए पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करवाया।
जानकारी के अनुसार नगर काउंसिल की तरफ से ढकोली की कृष्णा एंक्लेव में 400 फुट लंबी पाइपलाइन बिछाने के काम की शुरूआत की गई। कांग्रेसी नेता हरजीत मिंटा ने कालोनी वासियों की मौजूदगी में काम शुरू करवाया। कालोनी प्रधान एचएस सैनी, रजनी सैनी, सुरेश कुमार, कुलदीप सिंह, पूनम लता, इस्लाम, आनंद किशोर, धर्मेंद्र शर्मा आदि ने बताया कि 6 महीनों से पानी की किल्लत से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। इससे पहले पानी की सप्लाई लो प्रेशर से की जाती थी जबकि पानी दिन में एक ही बार सुबह के समय आता था और इसके बाद सारे दिन में पानी की सप्लाई नहीं होती थी। मामले को लेकर अमर उजाला ने 12 फरवरी को समाचार प्रकाशित किया था, जिसके बाद प्रशासन ने पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करवाया।
कोट्स...
अमर उजाला का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने लोगों की समस्या को प्रमुखता उठाया। कृष्णा एंक्लेव में बुधवार को पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू करवा दिया गया है। इसके बाद लोगों को पीने वाले पानी को लेकर परेशानी नहीं होगी।
-हरजीत मिंटा, सीनियर कांग्रेसी नेता।