जीरकपुर। बलटाना की सैनी विहार फेज-3 में चोरों ने मोबाइल की दुकान को निशाना बनाकर वहां से लाखों रुपये का सामान और नकदी चुरा ली। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और दुकान के मालिक आशीष की शिकायत पर जांच शुरू कर दी।
दुकान के मालिक आशीष निवासी सेक्टर-20 पंचकूला ने बताया कि मंगलवर रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान को ताला लगाकर गए थे। बुधवार सुबह करीब 9 बजे पड़ोसी दीपक ने फोन कर उनको सूचना दी कि उनकी दुकान का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा खुला पड़ा है। मौके पर पहुंचकर देखा दुकान में से मोबाइल फोन, नकदी और बिल बुक गायब थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो उसमें एक व्यक्ति ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुसता हुआ दिखाई दिया। दुकान से 45 मोबाइल, करीब 20 हजार रुपये की नकदी और बिल बुक चोरी हुई है। दुकान मालिक ने बताया कि चोरी हुए सामान की कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये बनती है। करीब 15 दिन पहले ही उन्होंने यह पूरा स्टॉक मंगवाया था।