मोहाली। कोरोना से बचाव में टीकाकरण की अहम भूमिका है। सरकार द्वारा तय प्रक्रिया अनुसार लोगों को टीका लगवाना चाहिए। इस बात को सुनिश्चित किया जाए कि पहली खुराक लेने वाले दूसरी भी जरूर लें। यह बातें पटियाला की सांसद परनीत कौर व लोकसभा हलका आनंदपुर साहिब के सांसद मनीष तिवारी ने जिला प्रबंधकीय परिसर में दिशा कमेटी की बैठक में कहीं।
सांसदों ने कहा कि लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए अधिक से अधिक प्रयास किए जाने चाहिएं। साथ ही कोरोना से बचाव के लिए तय दिशानिर्देशों का भी पालन किया जाए।
जानकारी के मुताबिक जिला प्रबंधकीय परिसर में हुई बैठक में सांसद परनीत कौर ने कहा कि डेराबस्सी लोकसभा हलका पटियाला के अधीन आता है। वहां पर गायनोकोलॉजिस्ट की संख्या कम होने के कारण परेशानी आ रही है। इसे जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ समेत लड़कियों के विकास के लिए जो भी योजनाएं हैं, उनके तहत इस बात को यकीनी बनाया जाए कि लिंगानुपात में और सुधार लाया जाए। लड़कियों की शिक्षा की तरफ विशेष ध्यान दिया जाए।
सांसद मनीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि जिले में जो भी विकास कार्य चल रहे हैं। उन्हें पहल के आधार पर पूरा किया जाए। वहीं, जिले की सफाई को भी यकीनी बनाने पर जोर दिया गया। कूड़े को अलग-अलग रखने, घर-घर से कूड़ा उठाने और कूड़े से खाद बनाने संबंधी प्रक्रिया पर अमल करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने की दिशा में काम करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। इंडस्ट्री के हिसाब से कोर्स करवाकर युवाओं को हुनरमंद बनाने की अपील की गई। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं उद्योगों की जरूरत भी पूरी हो पाएगी।