मोहाली। सेक्टर-70 में सड़क को चौड़ा करने के नाम पर की जा रही पेड़ों की कटाई के विरोध में अब इलाके के लोग व समाजसेवी संस्थाएं उतर आई हैं। लोगों ने शनिवार को एक बार फिर से पेड़ काटने का काम रुकवा दिया। इसके साथ ही शाम को गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास सड़क पर जाम लगा दिया।
जानकारी के मुताबिक, गमाडा की तरफ से सेक्टर-70 में सड़क के सेंटर में लगे पेड़ों को काटने का ठेका प्राइवेट कंपनी को दिया हुआ है। गमाडा का तर्क है कि सड़क को चौड़ा किया जाना है। इसके चलते सारी कार्रवाई चल रही है। जबकि लोगों की दलील है कि निजी कंपनी के शॉपिंग मॉल के आगे यह पेड़ आ रहे हैं। ऐसे में मॉल की सुदंरता को बढ़ाने के लिए हरियाली की बलि दी जा रही है। इलाके के पार्षद सुखदेव सिंह पटवारी ने कहा कि इस निजी कंपनी की वजह से पहले ही सेक्टर-70 कई पॉश सोसाइटियों के लोग दिक्कत में है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस फैसले को तुरंत बदला जाए, वरना वह संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।