जीरकपुर। शिमला-जीरकपुर हाईवे पर बलटाना लाइट पॉइंट पर नया ओवरपास बनने से जहां लोगों ने राहत की सांस ली है वहीं स्लिप रोड की हालत खस्ता होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सड़क और ड्रेनेज लाइन टूटने से हादसों का डर बना हुआ है। स्लिप रोड में बड़े-बड़े गड्ढे होने की वजह से उसमें हमेशा पानी भरा रहता है। इससे अनियंत्रित होकर वाहन चालकों के गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। हाईवे पर खुले मैनहोल के ढक्कन भी हादसों का कारण बन सकते हैं। एनएचएआई ने खुले पड़े ड्रेनेज हॉल के पास हादसा न हो इसके लिए केवल एक कुर्सी रख दी है। यह रात को बेहद खतरनाक हो सकता है। स्थानीय बलटाना निवासियों की मांग है कि सड़क की सही ढंग से रिपेयर कर खुले ड्रेनेज के हॉल को जल्द सही ढंग से ढका जाए। लोगों के अनुसार ड्रेनेज से स्थानीय होटल संचालकों और अन्य लोगों ने सीवर जोड़ दिया है। इससे क्षेत्र में बदबू का भी आलम है।
ड्रेनेज लाइन में जोड़े हैं सीवर कनेक्शन
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने बलटाना ओवरपास के साथ नई बरसाती पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज लाइन बिछाई है। सड़क किनारे जितने भी होटल चल रहे हैं, उन्होंने ड्रेनेज लाइन में अवैध तरीके से सीवर के कनेक्शन जोड़ रखे हैं। यह सरासर नियमों के खिलाफ है। लोगों का कहना है कि यदि ड्रेनेज लाइन से बिना मंजूरी सीवर कनेक्शन जोड़ा जाएगा तो ड्रेनेज लाइन जल्दी चॉक हो जाएगी। यह सबके लिए समस्या है।
स्लिप रोड को जल्द बनाएं
ओवरपास बन गया है, यहां मोड़ पर जाम की समस्या खत्म हो गई है। स्लिप रोड की हालत अभी भी खस्ता है, सड़क में गड्ढे पड़े हैं। इसमें पानी भरा रहता है, तो हादसों का खतरा बना रहता है। हमारी तो यही मांग है कि ओवरपास के दोनों साइड स्लिप रोड को जल्द से जल्द बनाया जाए ताकि कोई हादसा ना हो। -साहिल अरोड़ा, निवासी बलटाना
ड्रेनेज लाइन की जांच हो
स्लिप रोड तो टूटी ही हुई है, साथ में ड्रेनेज लाइन भी टूटी पड़ी है। उससे भी बड़ी बात यह है कि यहां सड़क किनारे बने होटलों ने अपने सीवर कनेक्शन ड्रेनेज लाइन में डाल दिए हैं। इसकी जांच होनी चाहिए क्योंकि जहां तक मुझे जानकारी है, एनएचएआई से किसी ने भी परमिशन नही ली है इसकी जांच होनी चाहिए। - परविंदर सैनी, निवासी बलटाना।
ओवरपास हमने बना दिया है। रोड को चालू करके टेस्टिंग कर ली गई है। उसके बाद दोबारा कारपेंटिंग करके ओवरपास को प्रॉपर ढंग चला दिया गया है। स्लिप रोड का बारिश की वजह से काम रोका हुआ है। जैसे ही बारिश रुकेगी, स्लिप भी बना दी जाएगी। एनएचएआई की ड्रेनेज लाइन में कोई भी सीवरेज का कनेक्शन नही जोड़ सकता है। किसी ने जोड़ा है तो चेक करवा लेते हैं। टूटी हुई ड्रेनेज का काम भी जल्द ही चेक करवा कर करवा दिया जाएगा। -राहुल सोलख, अधिकारी एनएचएआई