लालड़ू। शहर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक मोटरसाइकिल चालक व्यक्ति गंभीर जख्मी हो गया है। घायल को जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ में दाखिल करवा दिया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पहला हादसा अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर गांव झरमड़ी के नजदीक पैराडाइज होटल के पास एक तेजरफ्तार कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल चालक अजय सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी रामगढ़ छन्ना, जिला पटियाला गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तुरंत डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में लेकर जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक अंबाला से पंचकूला की ओर जा रहा था। पुलिस ने मौके से फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंप दिया है।
दूसरा हादसा थाना हंडेसरा के गांव बसौली के नजदीक हुआ। जिसमें एक मोटरसाइकिल चालक कुलविंदर सिंह पुत्र मामचंद निवासी गांव रज्जापुर, थाना हंडेसरा एक कार की चपेट में आ जाने से गंभीर घायल हो गया। उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने आरोपी फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।