मोहाली/कुराली/डेराबस्सी। अवैध माइनिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाकर जिला पुलिस ने शुक्रवार रात को अभियान चलाया। पुलिस ने अवैध माइनिंग में इस्तेमाल हो रही भारी मशीनरी और वाहनों को भी जब्त किया गया। जब्त वाहनों में एक जेसीबी मशीन, 14 भरे टिप्पर और दो भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां शामिल हैं। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 20 एफआईआर दर्ज की है। मौके से 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि यह कार्रवाई थाना सोहाना, माजरी और डेराबस्सी के अधिकार क्षेत्र में एक साथ की गई, जिसका उद्देश्य अवैध माइनिंग में शामिल लोगों और गिरोहों पर शिकंजा कसना था।
थाना माजरी में मीडिया से बातचीत में एसएसपी ने बताया कि बरामद की गई अवैध रूप से खनन की सामग्री का भू-विज्ञान एवं माइनिंग विभाग आकलन कर रहा है। क्रशर मालिकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों को भी नोटिस जारी किया गया है। इस विशेष अभियान में तीन एसपी, चार डीएसपी, सात एसएचओ और करीब 250 पुलिसकर्मी शामिल थे। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मोहाली पुलिस अवैध माइनिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी। जिला पुलिस अवैध माइनिंग में शामिल हर व्यक्ति की जवाबदेही तय करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सोशल मीडिया पर खुलासा, हरकत में आई पुलिस
एक दिन पहले भाजपा नेता विनीत जोशी ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर माजरी ब्लॉक में अवैध माइनिंग का खुलासा किया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर यह रातभर का विशेष अभियान चलाया। इससे अवैध माइनिंग से जुड़े कई मामलों का पर्दाफाश हुआ।