ट्राइसिटी (मोहाली-पंचकूला और चंडीगढ़) में बुधवार को कोरोना से एक मरीज की मौत हो गई। वहीं 367 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। मोहाली में सर्वाधिक 131, पंचकूला में 119 और चंडीगढ़ में 117 संक्रमित मिले हैं। मरने वाले मलोया निवासी 75 साल के बुजुर्ग की जीएमएसएच-16 में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह सांस की गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। उन्होंने कोरोना टीके की सभी खुराक लगवा रखी थी।
वहीं मोहाली में बुधवार को 133 मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 689 तक पहुंच गई। डीसी अमित तलवार ने लोगों को नसीहत दी है कि 12 साल से अधिक उम्र के लोग पहल के आधार पर टीकाकरण करवाए।
बुधवार को 1355 लोगों के सैंपल लिए गए जिसमें से 625 सैंपल सरकारी अस्पताल से तो 730 निजी अस्पतालों में से लिए गए थे। 45 संक्रमित ग्रामीण और शेष शहरी इलाके से संबंधित है। जिले में अब तक 98575 संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं 1159 लोगों की महामारी से जान गई है।