जीरकपुर। शहर में बिजली की समस्या दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। शहर के बहुत से क्षेत्रों में 24 घंटे में 18 से 20 बार बिजली के लंबे कट लगे हैं। इन अघोषित कटों से लोग अपने घरों के बाहर बैठकर रात गुजारने के लिए मजबूर हो चुके हैं। दरअसल, जीरकपुर क्षेत्र में बिजली की जो केबल डली है, वह पुरानी हो चुकी है। ऐसे में लोगों के घरों में बिजली लोड भी बढ़ चुका है। पुरानी बिजली की तार ओवरलोड के कारण स्पार्क हो जाती हैं, इस कारण मीटरों में आग लग जाती है, ट्रांसफर सड़ जाते हैं। बिजली कर्मचारियों को फॉल्ट ढूंढने में भी समय लग जाता है। इस कारण बिजली समय पर ठीक नहीं होती।
बार-बार लगने वाले बिजली कटों के कारण बिजली के केबल भी खराब हो रहे हैं। इसके अलावा लोगों के घरों में बिजली उपकरण जल जाते हैं। जीरकपुर के बलटाना, ढकोली, पीर मुछल्ला, भबात और लोहगढ़ क्षेत्र की अधिकतर सोसाइटियों में बिजली के लंबे कट लग रहे हैं। शनिवार को भबात क्षेत्र में रात 11 से सुबह 5 बजे तक बिजली नहीं आई। ऐसे में लोगों ने बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया लेकिन किसी भी कर्मचारी ने फोन नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि बिजली के साथ-साथ उन्हें पीने वाले पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ता है, क्योंकि जिस समय पानी की सप्लाई आनी होती है उस समय बिजली कट जाती है, और जिस समय बिजली आती है उसे समय पानी नहीं होता।
लोहगढ़ क्षेत्र की कई सोसाइटियों के साथ साथ वीआईपी रोड पर लोग बार-बार लगने वाले बिजली के कटों से परेशान हैं। एक तरफ उमस भरी गर्मी और दूसरी तरफ बिना बिजली के लोगों के घरों में इन्वर्टर भी बंद हो चुके हैं। इस कारण बिना पंखे के लोगों को समय गुजारना पड़ रहा है।पभात क्षेत्र में भी कुछ ऐसे ही हालात बने हुए हैं। अगर बात शिवालिक विहार की करें तो उसके अंदर सिटी एनक्लेव में शनिवार को बिजली सप्लाई की मेन केबल सड़ गई थी जिसे बदलवा दिया गया। रविवार को फिर वही केबल खराब होने के कारण पूरा सिटी एनक्लेव बिजली बंद होने से परेशान है। जिसके कारण लोगों के घरों में पानी की सप्लाई भी नहीं हो रही।
बलटाना क्षेत्र के हरमिलाप नगर, सैनी विहार, हेम बिहार, रविंद्रा एनक्लेव, श्याम नगर आदि सोसाइटी में भी बार-बार बिजली के कट लग रहे हैं इस कारण लोगों की परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बलटाना में भी बार-बार बिजली जाने के कारण लोगों के बिजली के उपकरण भी खराब हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि अगर ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ जाता है तो बिजली विभाग द्वारा उसे लगाने के लिए दो-दो घंटे तक लगा दिए जाते हैं।
ढकोली क्षेत्र की शालीमार एनक्लेव, गुरु नानक एनक्लेव, वेलिंगटन एस्टेट के अलावा पीर मुछल्ला क्षेत्र की सोसाइटियों में भी बिजली की समस्या गंभीर होती जा रही है। लोगों का कहना है कि हम बिजली का बिल भरने के लिए तैयार हैं, हमें मुफ्त की बिजली नहीं चाहिए। 24 घंटे बिजली की सप्लाई दी जाए। बिजली न होने से हमारे बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है।
कोट्स
शहर के लोगों को सही बिजली सप्लाई देने के लिए हमारा प्रयास जारी है। कुछ जगह पर बिजली सप्लाई वाले केबल के जोड़ ढीले हो सकते हैं जिसके कारण बिजली बार-बार आती जाती है। शहर में जगह-जगह पर खराब हुई केबल को बदलने का काम जारी है। ज्यादा लोड कारण भी बिजली की सप्लाई प्रभावित हो रही है। - सुरेंद्र सिंह बैंस, एक्सएईएन, बिजली विभाग जीरकपुर।