मोहाली। शहर में मंगलवार सुबह हुई बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। निकासी का प्रबंध न होने के कारण कई विभिन्न क्षेत्रों में घंटों बरसाती पानी भरा रहा। कुछ समय बाद निकासी होने पर सड़कों पर रेत और पत्थर नजर आए। शहर में कई रिहायशी इलाकों और औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की वजह से हालत खस्ता हो गई। लोगोंं का कहना है कि अधिकारी सालभर आश्वासन देने में मगन रहे जबकि शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। इसके अलावा फेज-6 सिविल अस्पताल और गांव सोहाना के सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हालत भी खस्ता रही। यहां जलभराव होने और पानी टपकने की वजह से छात्राओं और मरीजाें को परेशानी हुई।
इसके अलावा मुबारिकपुर रेलवे अंडरपास में पानी भरने की वजह से इसको वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। शहर में सबसे ज्यादा परेशानी एयरपोर्ट रोड पर हुई। टीडीआई सिटी के प्रवेश द्वार और रिहायशी इलाके के साथ साथ मार्केट की पार्किंग में शाम तक पानी की निकासी न होने से पानी रुका रहा। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। इसके अलावा शहर की कई प्रमुख सड़कों पर रोड गलियां जाम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी। शहर में चल रही सफाईकर्मियों और कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान जगह -जगह कूड़े के ढेर दिखाई दिए गए। बारिश के दौरान कूड़ा सड़कों पर फैल गया और रोड गलियों तक जाम हो गई। अगर ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले समय में समस्या गंभीर हो जाएगी।