डेराबस्सी। घग्गर नदी में पूजा सामग्री गिराने आया एक बुजुर्ग मंगलवार सुबह लापता हो गया। उसके नदी में गिरने का अंदेशा लगाया जा रहा है।
सुबह से लापता इस व्यक्ति की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार प्रयास कर रही है। गांव मुबारकपुर निवासी करनैल सिंह (65) मंगलवार सुबह धार्मिक अनुष्ठान के बाद कुछ सामग्री प्रवाहित करने के लिए घग्गर नदी पर बने मुबारकपुर पुल पर गया था।
इसके फुटेज घग्गर नदी के पास बनी एक फैक्टरी के कैमरे में कैद है। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों को आशंका है कि वह घग्गर
नदी के तेज बहाव में बह गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। गोताखोरों की टीम ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर किया। समाचार लिखे जाने तक व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। परिवार के लोग बेहद परेशान हैं और प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द व्यक्ति की तलाश की जाए।