खरड़ के गांव माजात निवासी अमनदीप कौर ने एडीजीपी एनआरआई विंग को शिकायत दी थी। अमनदीप का विवाह 9 फरवरी 2026 को फतेहगढ़ साहिब के हरप्रीत सिंह से हुआ था, जो वर्तमान में अमेरिका में रहता है। शिकायत में आरोप है कि विवाह से पहले ससुराल पक्ष ने भव्य शादी और महंगी गाड़ी की मांग की थी।
एनआरआई पति और उसकी मां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न तथा शादी के बाद विवाहिता को छोड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एडीजीपी, एनआरआई विंग पंजाब के आदेश पर एनआरआई थाना मोहाली पुलिस ने की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
खरड़ के गांव माजात निवासी अमनदीप कौर ने एडीजीपी एनआरआई विंग को शिकायत दी थी। अमनदीप का विवाह 9 फरवरी 2026 को फतेहगढ़ साहिब के हरप्रीत सिंह से हुआ था, जो वर्तमान में अमेरिका में रहता है। शिकायत में आरोप है कि विवाह से पहले ससुराल पक्ष ने भव्य शादी और महंगी गाड़ी की मांग की थी। परिवार ने 18 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोना दिया। शादी पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च किए गए। अमनदीप ने आरोप लगाया कि शादी के बाद हरप्रीत शराब पीकर मारपीट करता था। वह उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित करता था। उस पर शरीर पर बने एक निशान को लेकर भी बेबुनियाद आरोप लगाए गए।
दहेज की मांग और प्रताड़ना
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी सास, जेठ और जेठानी भी उसे लगातार परेशान करते थे। कुछ समय बाद पति उसे मायके छोड़कर अमेरिका चला गया। वहां जाकर उसने अपना मोबाइल नंबर भी बदल लिया। जब अमनदीप ससुराल वापस गई, तो उसे घर में नहीं रहने दिया गया। उसे यह भी जानकारी मिली कि उसके पति ने पहले भी दो युवतियों से विवाह कर रिश्ते तोड़ दिए थे।
विज्ञापन
दर्ज हुआ मुकदमा और आगे की जांच
एनआरआई थाना मोहाली द्वारा शिकायत की प्रारंभिक जांच की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर एडीजीपी, एनआरआई विंग ने मुकदमा दर्ज करने की मंजूरी दी। इसके बाद थाना एनआरआई, एसएएस नगर में हरप्रीत सिंह और उसकी मां हरिंदर कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 85, 316(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच एएसआई सुरजीत सिंह को सौंप दी है। अधिकारियों ने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।