मोहाली। एतिहासिक गांव दाऊं समेत 20 से अधिक गांवों को जोड़ने वाली सड़क की आखिर सरकार ने सुध ले ली है। सड़क को चौड़ा करने का नींव पत्थर वीरवार को विधायक बलबीर सिंह सिद्धू ने रखा। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर 5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं, यह सड़क बनने से इलाके के लोगों को काफी फायदा होगा। लोगों के लिए यह लाइफ लाइन का काम करेगी। इसके बाद चंडीगढ़ ही नहीं बल्कि न्यू चंडीगढ़ तक पहुंचना आसान होगा। उन्होंने कहा कि आसपास के अन्य गांवों की सड़कों को भी सुधारा जा रहा है। उनकी कोशिश है कि गांवों के लोगों को शहरों जैसी सुविधाएं मुहैया करवाना है।
जानकारी के मुुुताबिक गांव दाऊं वाली यह सड़क काफी अहम है। यह सड़क गांव दाऊं रायपुर, बहलोलपुर, झांमपुर-तीड़ा समेत चंडीगढ़ की बाउंड्री समेत 20 गांवों की जोड़ती है। इसके अलावा इस सड़क से चंडीगढ़ और न्यू चंडीगढ़ स्थित क्रिकेट स्टेडियम का भी सीधा संपर्क है। सड़क की महत्ता को देखते हुए इसे करीब 18 फुट तक चौड़ा किया जा रहा है। वहीं, इस मौके पर विधायक सिद्धू ने गांव दाऊं में गंदे पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन का उद्घाटन किया। इस पर 25 लाख रुपये की लागत आएगी। इस गांव में कई रिहायशी सोसायटीज बसी हैं। यहां पर केवल मोहाली ही नहीं बल्कि काफी संख्या में बाहरी राज्यों के लोग भी रहते हैं।
साथ ही गांव दाऊ में एतिहासिक धार्मिक स्थान भी है और यहां पर कई राज्यों से संगत माथा टेकने के लिए पहुंचती है। विधायक सिद्धू ने इस मौके पर कहा कि इस सड़क का नींव पत्थर रखकर उन्होंने अपना फर्ज पूरा किया है। जबकि इससे पहले ही वह गांव के विकास के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की ग्रांट जारी कर चुके हैं। जबकि हलके की सड़कों के लिए दस करोड़ रुपये पहले ही मंजूर हो चुके हैं।
बता दें कि यह गांव काफी महत्वपूूर्ण है और खरड़-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित है। इस गांव को आदर्श गांव के तौर पर पूर्व सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा की ओर से गोद लिया गया था। उन्होंने भी अपने कार्यकाल में गांव के विकास से जुड़े कई काम करवाएं थे। इसके अलावा इस गांव में एक नामी निजी खेल एकेडमी भी है। इसमें खिलाड़ियों, सेना में भर्ती के लिए और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करवाई जाती है।