मोहाली। इलाके के लोगों को अब महंगे दामों पर फल-सब्जियां नहीं खरीदनी पड़ेंगी। कोरोना के कमजोर पड़ने के साथ ही प्रशासन ने मोहाली व खरड़ में लगने वाली किसान मंडियां व रेहड़ी-फड़ी मंडियां दोबारा शुरू कर दी हैं।
मार्केट कमेटी खरड़ के चेयरमैन हरकेश चंद शर्मा ने मंडियां शुरू करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों, किसानों व वहां पर रेहड़ियां लगाने वालों को फायदा होगा। वहीं, सरकार को भी राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मंडियों में आते समय मास्क पहनकर आएं। साथ ही सामाजिक दूरी बनाकर चलें, क्योंकि अभी कोरोना महामारी सिर्फ कमजोर पड़ी है, पर खतरा पहले की तरह बरकरार है।
जानकारी के मुताबिक काफी समय तक मोहाली और खरड़ में लगने वाली अपनी मंडियां बंद पड़ी थीं, जिससे वहां पर काम करने वाले लोगों को दिक्कत आ रही थी। उनके कारोबार पूरी तरह बंद हो गए थे। वहीं, मंडी बोर्ड को रोजाना फीस के रूप में आने वाली आमदन भी नहीं आ रही थी। इस मामले में कुछ समय पहले रेहड़ी-फड़ी यूनियन ने मार्केट कमेटी के चेयरमैन से मांग की थी कि मंडियां जल्दी खोली जाएं, क्योंकि उनका कारोबार पूरी तरह से ठप हो गया है। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में डीसी गिरीश दियालन के समक्ष मामला उठाया थ। साथ में मंडियों को चालू करने की मांग की थी।, जिसके बाद इस दिशा में कार्रवाई हुई है।
ऐसे खुलेंगी अपनी मंडियां
मोहाली के फेज-पांच, आठ, सोहाना सेक्टर-78, सेक्टर-71, सेक्टर-65ए (नई फल व सब्जी मंडी), सेक्टर- 68, सेक्टर-82, फेज-आठ किसान व रेहड़ी-फड़ी मंडियां शुरू कर दी गई है। फेज-पांच में सोमवार व शुक्रवार, सेक्टर-78 में सोमवार व शुक्रवार, सेक्टर-71 में मंगलवार व शनिवार, सेक्टर-65 में बुधवार व रविवार, सेक्टर-68 में शुक्रवार व मंगलवार, सेक्टर-82 में शनिवार व बुुधवार व फेज-आठ में रविवार व वीरवार को मंडी लग रही है। इस तरह खरड़ में दशहरा ग्राउंड में शनिवार व सन्नी इनक्लेव खरड़ में रविवार को मंडी लग रही है।