लालड़ू। भाजपा के सीनियर नेता व इंप्रूवमेंट ट्रस्ट नाभा के पूर्व अध्यक्ष गुरतेज सिंह ढिल्लों ने आईटीआई चौक का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वहां आए दिन हो रहे हादसों का मामला जल्द ही केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उनके संज्ञान में लाया जाएगा और हादसों से निजात दिलवाई जाएगी। इस मौके पर उनके साथ जिला मोहाली के प्रधान सुशील राणा भी थे।
सुशील राणा ने ढिल्लों को बताया कि आईटीआई चौक पर आए दिन हो रहे हादसों में बहुत-से घरों के चिराग बुझ चुके हैं और बहुत-से लोग उपचारधीन हैं। यहां पर हाईवे की एक ओर घनी आबादी वाले लालड़ू गांव सहित अन्य गांव है और दूसरी और नारायणगढ़-काला अंब सहित अन्य नगरों को जोड़ने वाली लिंक मार्ग है। इस कारण चौक पर हर समय वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है, जिसे पार करना खतरे से खाली नहीं है।
चौक का निरीक्षण करने व समस्या सुनने के बाद गुरतेज ढिल्लों ने कहा कि मामले को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के समक्ष उठाएंगे और एक उच्च स्तरीय टीम बनाकर घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे, ताकि लोगों को हादसों से बचाया जा सके। उन्होंने विश्वास दिलवाया कि वह केंद्रीय परिवहन मंत्री गडकरी से बातचीत कर लोगों की समस्या का स्थायी हल निकलवाएंगे।