मोहाली। भारतीय बाल कल्याण परिषद (आईसीसीडब्ल्यू) ने आईसीसीडब्ल्यू बहादुरी पुरस्कार 2025 के लिए देशभर के बच्चों और युवाओं से नामांकन आमंत्रित किए हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए पंजाब बाल कल्याण परिषद के सचिव डॉ. प्रीतम सिद्धू ने बताया कि यह पुरस्कार 6 से 18 वर्ष के बच्चों (बाल पुरस्कार) और 18 से 24 वर्ष के युवाओं (युवा पुरस्कार) को उनके असाधारण साहसिक कार्यों के लिए प्रदान किए जाएंगे। नामांकन निर्धारित फॉर्मेट में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के माध्यम से जमा करवाए जा सकते हैं। जिन घटनाओं के आधार पर नामांकन भेजा जाना है, वे 1 जुलाई 2024 से 30 सितंबर 2025 के बीच की होनी चाहिए। डॉ. सिद्धू ने बताया कि ऐसे बच्चे और युवा जो किसी व्यक्ति को डूबने से बचाते हैं, जंगली जानवरों के हमलों से किसी की रक्षा करते हैं, सामाजिक बुराइयों या अपराधों के विरुद्ध खड़े होते हैं या अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की सहायता करते हैं, वे इस पुरस्कार के योग्य माने जाएंगे। आवेदन के साथ संबंधित घटना की प्रमाणिकता की पुष्टि जरूरी है। इन पुरस्कारों में 1 लाख रुपये तक की नकद राशि के अलावा सोने/चांदी का पदक और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाते हैं।
सम्मान के साथ मिलेगा नकद पुरस्कार, भेजें नामांकन ऐसे करें आवेदन
आईसीसीडब्ल्यू बहादुरी पुरस्कारों के अंतर्गत हर वर्ष उन बच्चों और युवाओं को सम्मानित किया जाता है जिन्होंने समाज में असाधारण साहस का परिचय दिया हो। इस साल आईसीसीडब्ल्यू भारत पुरस्कार में 1 लाख, ध्रुव, मार्कंडेय, श्रवण, प्रह्लाद, एकलव्य, अभिमन्यु पुरस्कार में 75 हजार और जनरल पुरस्कार में 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इनके साथ सोने/चांदी का तगमा और एक प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर 2025 है और यह जरूरी है कि आवेदन डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के माध्यम से ही भेजा जाए।