मोहाली। नगर निगम ने फेज 1 से 7, 9 से 11, सेक्टर 70 व 71 में बिना ग्रीस टैंक के चल रहे 50 से अधिक भोजनालयों को नोटिस दिए हैं। कहा है कि अगर दस दिन में ग्रीस टैंकों का निर्माण नहीं किया तो भोजनालयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से मोहाली शहर में शोरूमों की सीवर डिस्पोजल लाइनों की बंद होने की शिकायतों बढ़ गई थीं। जिसके बाद चेकिंग कराने पर यह बात सामने आई।
नगर निगम कमिश्नर टी बेनिथ ने निगम और जल आपूर्ति एवं स्वच्छता के अधिकारियों के साथ बैठक की। कमिश्नर ने बताया कि शहर में शोरूम में खुले कई भोजनालयों ने ग्रीस टैंक नहीं लगवाए हैं, जिसके कारण ये भोजनालय अपने प्रतिष्ठानों का घी व खाद्य अपशिष्ट आदि सीवर लाइन में डाल देते हैं, जिससे गंदगी हो रही है। इससे सीवर लाइन में रुकावट हो जाती है। इसके कारण आस-पास के निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभी से अपील की है कि वे जल्द से जल्द ग्रीस टैंक का निर्माण करवाएं।