मोहाली। पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर रजनीश चौधरी को गैंगस्टर बन कर कॉल करने वाले शख्स का फिलहाल पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं मामले में एसएसपी विवेकशाली सोनी के आदेश के बाद सोमवार को पुलिस विभाग ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर रजनीश चौधरी को रविवार सुबह साढ़े 10 बजे फोन आया था। इसमें शख्स ने खुद को गैंगस्टर बताकर इंस्पेक्टर को जानी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इस घटना के बाद यह भी जांच की जा रही है कि ऐसी कॉल किसी अन्य पुलिस कर्मचारी या अधिकारी को आई है। इस मामले में कोई अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। साइबर सेल के सूत्रों के अनुसार इंस्पेक्टर ने अभी शिकायत नहीं सौंपी है और न ही मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अभी जांच शुरुआती दौर में है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।