मोहाली। रात्रि कर्फ्यू का उल्लंघन कर होटल में रात को पार्टी में नाचते हुए नौ लोगों को ढकोली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। जबकि होटल मालिक नवजोत सिंह सहित पार्टी में मौजूद अन्य लोग फरार हो गए।
कोरोना के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने ढकोली क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया हुआ है, वहीं, मोहाली जिले में पहले से ही 9 बजे के बाद रात्रि कर्फ्यू है और पुलिस ने जगह-जगह नाकाबंदी की हुई है। एसएसपी सतिंदर सिंह ने लोगों से कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सतर्कता बरतने और कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने जगह-जगह नाकाबंदी की हुई है। इसके बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात ढकोली के होटल ग्रैंड सूट्स की छत पर लोग कर्फ्यू का उल्लंघन कर देर रात पार्टी के दौरान नाच रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच और यहां देखा कि होटल की छत पर पार्टी चल रही थी। पुलिस को देखते ही यहां नाचते हुए लोग इधर-उधर भागे। जबकि पुलिस ने मौके पर ही नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि होटल मालिक सहित बाकी लोग फरार हो गए। पुलिस ने होटल मालिक नवजोत सिंह सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत केस दर्ज कर लिया है।