मोहाली। औद्योगिक क्षेत्रों में रात के समय बार-बार हो रही बिजली कटौती से उद्योगपति परेशान हैं। उन्होंने बिजली विभाग से इस समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की है।
उद्योगपतियों ने बताया कि रोजाना रात करीब 10 बजे से सुबह 7 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। मोहाली के कई उद्योग 24 घंटे चलते हैं, जिससे उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे उत्पादन में देरी हो रही है और ग्राहकों को समय पर माल पहुंचाना मुश्किल हो गया है। उद्योगपति विनोद मठारु, इकबाल सिंह, दिलप्रीत सिंह और अतुल शर्मा ने यह जानकारी दी। उनका कहना है कि बार-बार बिजली आने-जाने से मशीनरी को नुकसान का खतरा है। डीजल जनरेटर चलाने से संचालन खर्च बढ़ रहा है, जिससे उद्योगों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। बिजली की अनिश्चित आपूर्ति से कर्मचारियों के काम में भी बाधा आ रही है।
निर्बाध आपूर्ति की मांग
मोहाली के उद्योगपतियों ने बिजली विभाग से कटौती के कारणों की जांच करने को कहा है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में रात के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उद्योगपतियों ने यह भी कहा कि यदि रखरखाव के कारण कटौती हो, तो पहले से सूचना दी जाए। इससे वे उत्पादन की उचित योजना बना सकेंगे। उद्योग जगत ने विभाग से जल्द आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद जताई है।