डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला मुख्य सड़क पर फ्लाईओवर के नीचे एक ओवरलोड टिप्पर-ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई। यह हादसा एक्सिस बैंक के सामने बने कट से यू-टर्न लेते समय हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीरकपुर की ओर मुड़ रहे ट्रक को डेराबस्सी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने टक्कर मारी। टिप्पर में मिट्टी भरी थी और वह ओवरलोड था। ट्रक चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद वाहन आपस में फंस गए, जिन्हें अलग करना मुश्किल था। सूचना पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को हटाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद ही यातायात सुचारु हो सका।