खरड़। गांव दबाली में एक नवविवाहिता की गला घोटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान कर्मजीत कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में पति और जेठ पर मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता जसबीर सिंह और चाचा मनजीत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी कर्मजीत कौर का विवाह दो साल पहले परविंदर सिंह निवासी गांव दबाली के साथ हुआ था। कर्मजीत कौर के पास एक बेटी है।
विवाह के कुछ समय बाद ही उसका ससुराल उसे कम दहेज लाने के लिए तंग परेशान करने लगा था। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के ससुराल से पवन नामक व्यक्ति का फोन आया। उसने बताया कि बीपी कम होने की वजह से वह गिरकर घायल हो गई है। उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ ले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परविंदर सिंह और पवनदीप सिंह ने किसी रस्सी या कपड़े से गला घोटकर उसको मौत के घाट उतारा है। थाना सदर इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता के बयानों के आधार पर मृतका के पति परविंदर सिंह और जेठ पवनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।