डेराबस्सी। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर ट्रक यूनियन के पास बरसाती चो पर 50 लाख रुपये की लागत से बने नए कॉजवे पुल की शुरुआत हो गई। इसका उद्घाटन हलके के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने किया। इस अवसर पर कार्यकारी अधिकारी विजय कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष आशु उपनेजा, ब्लॉक अध्यक्षों, पार्षदों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी एवं एसबीपी हाउसिंग सोसाइटी के निवासी उपस्थित थे। कॉजवे का उद्धघाटन करने के बाद विधायक कुलजीत रंधावा ने कहा कि काॅजवे के निर्माण से जहां आसपास की हाउसिंग सोसाइटी को राहत मिलेगी, वहीं मुबारकपुर समेत रामगढ़ रोड जाने वाले दर्जनों गांवों और कॉलोनियों के लोगों को भी फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से आम आदमी पार्टी की उत्थान की मांग को प्रदेश में पूरा किया गया है। पहले बरसात के दिनों में पानी ऊपर से गुजर जाता था, जिससे हाईवे पर जाम लग जाता था। पिछली अकाली और कांग्रेस सरकार के दौरान लोगों की ओर से कॉजवे के उत्थान की पुरजोर मांग की गई थी, लेकिन टकसाली पार्टियों के नेताओं ने कुछ नहीं किया। उद्घाटन समारोह के मौके पर एसबीपी सोसाइटी, वेलकम और ट्रक यूनियन अध्यक्ष सहित कई गांवों और शहरवासियों ने विधायक रंधावा का धन्यवाद किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा अच्छे तरीके से कॉजवे तैयार करने के लिए ठेकेदार को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।