डेराबस्सी। पावरकॉम ने गांव भांखरपुर निवासी एक चक्की मालिक को एक करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजली बिल भेजकर बड़ी लापरवाही का सबूत दिया है। इससे पहले चक्की मालिक का आठ से दस हजार रुपये महीने बिजली का बिल आता था। वहीं, इस बार करोड़ों रुपये का बिल देखकर उसके होश उड़ गए। व्यक्ति ने इसकी शिकायत पावरकॉम के उच्च अधिकारियों को देकर बिल ठीक कराने की मांग की है।
चक्की मालिक सतपाल सिंह ने बताया कि वह लंबे समय से गांव में आटा चक्की चला रहा है। बिजली की खपत के मुताबिक उसका बिल हरेक महीने आठ से दस हजार के करीब आता है। पावरकॉम ने मई महीने उसे एक करोड़ 36 लाख 7 हजार रुपये बिल भेज दिया। बिल देख कर उसके पैरों नीचे जमीन खिसक गई। उन्होंने बताया कि शिकायत उच्च अधिकारियों को दे दी है।
कोट..
प्रिटिंग के समय गलत बिल प्रिंट हो गया है। जल्द ही इस बिल को ठीक करवा दिया जाएगा।
-अमनप्रीत सिंह मावी, एसडीओ, पावरकॉम