मोहाली/खरड़। गांव दांऊ की पांच एकड़ जमीन एक निजी बिल्डर को सौंपने के नगर परिषद के प्रस्ताव पर विवाद छिड़ गया है। आप विधायक कुलवंत सिंह ने नगर परिषद के इस कदम को गंभीर बताकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विधायक का कहना है कि नगर परिषद खरड़ ने जल्दबाजी में ऐसा प्रस्ताव पारित कर दिया है। आश्चर्यजनक यह है कि गांव की 500 एकड़ जमीन में से सिर्फ पांच एकड़ जमीन ही अधिग्रहित की गई है।
उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इसको जिस भी अधिकारी ने अधिकृत किया है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार यह प्रस्ताव मोहाली के शहरी विकास विभाग के एडीसी के एक पत्र पर आधारित था। गांव दांऊ की ग्राम पंचायत ने एक प्रस्ताव पारित किया था, इसमें कहा गया था कि संबंधित बिल्डर को कॉलोनी विकसित करने में कठिनाई हो रही थी। उसकी जमीन 25 एकड़ से कम थी।
पंचायत ने यह भी संकल्प लिया कि अगर नगर परिषद खरड़ इस क्षेत्र को अपनी नगरपालिका सीमा में शामिल करती है, तो उसे कोई आपत्ति नहीं होगी। दूसरी और इस मामले को उजागर करने वाले पंजाब अगेंस्ट करप्शन के प्रमुख सतनाम सिंह ने विधायक से मुलाकात के बाद कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उनके अनुसार अगर प्रस्ताव तुरंत रद्द नहीं किया गया, तो वे उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।