जीरकपुर। शहर में खाली जमीन और खाली प्लाटों में झुग्गियां बनाकर किराए पर देने का व्यवसाय क्षेत्र में फल-फूल रहा है। लोग खेती-बाड़ी की जगह झुग्गियां बनाकर किराए पर देकर ज्यादा कमाई कर रहे हैं। वर्तमान में पूरे शहर में ऐसी करीब चार से पांच हजार झुग्गियां बनी हुई हैं। इनमें लोग किराए पर रह रहे हैं। पनप रही इन झुग्गियों में रहने वाले लोगों की कोई पहचान नहीं है। किसी को भी यह नहीं पता कि यह लोग कौन हैं, कहां से आए हैं। इनकी पहचान न होने के चलते यह लोग शहर के लिए खतरा हो सकते हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
करीब दो महीने पहले एक मोबाइल शॉप से लाखों रुपये की चोरी के मोबाइल भी गांव दयालपुरा में बनी ऐसी ही झुग्गियां से बरामद हुए थे। गौरतलब है कि झुग्गियों में रहने वाले लोगों की कोई पुलिस वेरिफिकेशन भी जमीन के मालिक द्वारा नहीं करवाई जाती है। इस कारण यहां पर गलत लोग भी आकर रहने लगते हैं। हाई ग्राउंड रोड पर बनी झुग्गियों की करें तो इन झुग्गियों के संबंध में खबरें प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग ने इनका बिजली का मीटर काट दिया लेकिन जमीन मालिक ने अभी तक इन झुग्गियों को नहीं हटाया गया है।
एयरफोर्स स्टेशन के लिए बन सकती हैं खतरा
हाई ग्राउंड रोड पर स्थित खाली जमीन पर करीब डेढ़ सौ अवैध झुग्गियां बनी हुई हैं जो कि एयर फोर्स स्टेशन के लिए खतरा हो सकती हैं। यहां पर रहने वाले लोगों की कोई पहचान नहीं है। इन झुग्गियों में रहने वाले लोगों के पास स्मार्टफोन हैं। यहां पर रहने वाले अधिकतर लोग कबाड़ का काम करते हैं, कभी-कभी कबाड़ में कोई विस्फोटक पदार्थ भी आ जाता है जो कि सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। यह झुग्गियां एयर फोर्स स्टेशन के मुख्य द्वार से मात्र 100 से 150 मीटर की ही दूरी पर स्थित हैं।
कल ही टीम को भेजकर मौका चेक करवा लिया जाएगा। नियमों के अनुसार बनती कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -सुखविंदर सिंह, एसडीओ, नगर परिषद जीरकपुर