कुराली। केंद्र सरकार की ओर से पारित वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ शनिवार को कुराली में मुस्लिम समुदाय की ओर से बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
जिला कांग्रेस कमेटी मोहाली के अध्यक्ष रणजीत सिंह जीती पडियाला ने इस विरोध-प्रदर्शन में विशेष रूप से शामिल होकर मुस्लिम समुदाय के साथ अपनी सहानुभूति व्यक्त की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए रणजीत सिंह जीती पडियाला ने कहा कि वक्फ बिल में किए गए संशोधन भारत के संवैधानिक ढांचे और अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर सीधा हमला है। इस विधेयक को पारित करके सरकार ने मुस्लिम समुदाय के अधिकारों पर डाका डाला है, जबकि कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।
इस अवसर पर मुस्लिम नेता मुहम्मद साबिर, मुहम्मद साबिर व अन्य ने कहा कि यह संशोधन विधेयक हमारी धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला है तथा हमारी संपत्तियों व धार्मिक संस्थानों की स्वायत्तता को खतरे में डालने वाला विधेयक है। केंद्र सरकार द्वेष भावना से यह विधेयक लेकर आई है।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक विरोध के बावजूद लाया गया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय इस विधेयक का विरोध करता रहा है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जताया।
इस अवसर पर कांग्रेसी नेता कमलजीत चावला, अध्यक्ष मोहम्मद साबिर, रिहान अली, कांग्रेसी कार्यकर्ता संजीव टंडन, मोहम्मद शाहिद, इरफान खान, अनवर अली, नूरदीन व मोहम्मद जमील के अलावा बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद थे।