फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: नगर निगम हाउस की बैठक आज, करोड़ों के विकास-सफाई प्रोजेक्टों पर लगेगी मोहर

विज्ञापन
विज्ञापन
कूड़ा प्रबंधन, प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे समेत कई बड़े प्रस्तावों पर होगी चर्चा, चौक का नाम बदलेगा, सरदार आहलूवालिया की प्रतिमा लगेगी
विज्ञापन

मोहाली। विधानसभा चुनाव से करीब तीन महीने पहले होने वाली नगर निगम हाउस की बैठक में आज विकास और शहर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जाने की तैयारी है। मेयर सरबजीत सिंह समाना की अगुवाई में होने वाली बैठक में करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट, सफाई व्यवस्था में सुधार, कूड़ा प्रबंधन और प्रॉपर्टी टैक्स का जीआईएस आधारित सर्वे बैठक के मुख्य एजेंडे में शामिल हैं। खास बात यह है कि शहर में लंबे समय से कूड़े के ढेरों और सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच निगम ने अब करोड़ों रुपये की योजनाएं तैयार की हैं। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद काम कब शुरू होगा। कहीं ऐसा न हो कि टेंडर और वर्क अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही चुनाव आचार संहिता लागू हो जाए। ऐसे में चुनावी कार्यक्रम और संभावित आचार संहिता के बीच इन योजनाओं को जमीन पर उतारना निगम के लिए बड़ी चुनौती होगी। शहरवासियों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि आज होने वाली बैठक में लिए गए फैसले केवल कागजों तक सीमित रहते हैं या वास्तव में शहर की समस्याओं का समाधान शुरू होता है। संवाद
तीन साल के लिए 23.10 करोड़ का सफाई प्रोजेक्ट तैयार
शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए निगम ने तीन साल का इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस पर 23.10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके तहत सैमगौली में रोजाना 200 मीट्रिक टन ताजा कूड़े की प्रोसेसिंग का प्लांट प्रस्तावित है। इसके अलावा 110 मीट्रिक टन प्रतिदिन बागवानी कचरे के संग्रह और परिवहन की व्यवस्था होगी। जीवीपी की सफाई, नियमित गश्त, मशीनरी और कर्मचारियों की तैनाती भी इसमें शामिल है। पहले एक साल के लिए तैयार 15.30 करोड़ रुपये के टेंडर में कोई बोली नहीं आई थी, जिसके बाद योजना को तीन साल के लिए दोबारा तैयार किया गया।
विज्ञापन


21.25 करोड़ से बनेंगे चार कूड़ा प्रबंधन केंद्र
एरोट्रोपोलिस के बी और डी ब्लॉक में सेकेंडरी कूड़ा संग्रहण केंद्र, सैमगौली में प्रोसेसिंग प्लांट और बलियाली, बलोंगी तथा लांडरां में कूड़ा संग्रहण एवं छंटाई केंद्र बनाने के लिए 21.25 करोड़ रुपये के चार प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। इन कार्यों को तकनीकी मंजूरी मिल चुकी है। इनके लिए गमाडा से फंड उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया था। शहर की सड़कों, बरम और फुटपाथों की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम पांच साल के लिए जीआईएस आधारित मैकेनिकल स्वीपिंग करवाने की तैयारी में है। इसके तहत सड़कों की मशीनों से नियमित सफाई की जाएगी। इस प्रोजेक्ट को मंजूरी के लिए नगर निगम हाउस की बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा।
विज्ञापन



जीआईएस सर्वे से हर संपत्ति का बनेगा रिकॉर्ड
प्रॉपर्टी टैक्स व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए शहर में जीआईएस आधारित सर्वे करवाने का प्रस्ताव भी आएगा। इस पर करीब 1.72 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सर्वे में मकानों, दुकानों और व्यावसायिक संपत्तियों की लोकेशन, क्षेत्रफल और इस्तेमाल का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे टैक्स के दायरे से बाहर रह गई संपत्तियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। सेक्टर-62 (फेज-8) स्थित गुरुद्वारा श्री अंब साहिब के नजदीक चौक का नाम सातवें सिख गुरु श्री गुरु हरिराय साहिब जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव आएगा। सांसद मलविंदर सिंह कंग ने इसके लिए सिफारिश की थी। वहीं, चंडीगढ़ की ओर से मोहाली में प्रवेश के समय एसएसपी आवास के पास स्थित पार्क में सुल्तान-उल-कौम सरदार जस्सा सिंह आहलूवालिया की भव्य प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। आहलूवालिया समाज ने प्रतिमा स्थापना के साथ पार्क की सफाई, फूलों के पौधरोपण और सुंदरीकरण का काम निशुल्क करवाने की पेशकश की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें