वीआईपी रोड पर अतिक्रमण हटवाती जीरकपुर नगर काउंसिल की टीम।
- फोटो : MOHALI
जीरकपुर। नगर काउंसिल की टीम ने वीरवार शाम को चार बजे पुलिस की सहायता से वीआईपी रोड पर अतिक्रमण हटवाया। नगर काउंसिल की सेनेटरी इंस्पेक्टर संतोष कुमारी ने बताया कि दो खोखों को सील करतेे हुए रेहड़ी-फड़ी सहित करीब 40 दुकानों का अतिक्रमण हटवाया है। इस मौके पर नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी गिरिश वर्मा, एमई विनय महाजन, एटीपी राजेश जिंदल, बिल्डिंग इंस्पेक्टर लखवीर सिंह और जीरकपुर थाना प्रमुख गुरचरन सिंह मौजूद रहे। टीम ने दुकानों के बाहर पड़ा सामान ट्राली में डाल लिया, जिसे नगर काउंसिल के कार्यालय में ले जाया गया। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, परंतु अधिकारियों ने कार्रवाई को जारी रखा।
वीआईपी रोड पर दुकानों के बाहर सजाए गए सामान को ट्रैक्टर ट्राली में फेंकने के लिए जब नगर काउंसिल का काफिला आगे बढ़ा तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया और सभी दुकानदार बाहर लगे सामान को अंदर रखने लगे। सुरक्षा प्रबंधों का ध्यान में रखते हुए काउंसिल ने पुलिस के अलावा फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर बुलाई थी। ताकि कोई भी अप्रिय घटना पर मौके पर ही काबू पाया जा सके।
ईओ गिरिश वर्मा ने बताया कि वीआईपी रोड स्थित मार्केट के दुकानदार अपने दुकानों के बाहर 4 से 5 फुट तक सामान रख लेते हैं, जिसके चलते भीड़ वाले स्थानों से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है और ट्रैफिक की समस्या बनी रहती है। ईओ ने व्यापारियों को दुकानों के बाहर सामान न रखने की अपील करते हुए कहा कि लगातार ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।