मोहाली। वीआईपी को शहर को मेडिकल कॉलेज देने के साथ ही अब नए सेक्टरों के लोगों को उनके इलाकों में सेहत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए सेहत विभाग आगे आया है। पांच करोड़ रुपये की लागत से शहर में तीन नए अस्पताल बनाने की दिशा में काम शुरू हो गया है। इसमें सेक्टर-69 और 79 में दो करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर और सेक्टर 103 सनेटा में तीन करोड़ की लागत से प्राइमरी हेल्थ सेंटर बनाया जाएगा। यह पूरा काम रिकॉर्ड तीन महीने की समय अवधि में पूूरा किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक पहले शहर में सेहत सुविधाओं का बुरा हाल था। क्योंकि मोहाली फेज-6 में सिविल अस्पताल के अलावा नए सेक्टरों में कोई भी डिस्पेंसरी नहीं थी। जबकि कई नामी अस्पताल उक्त सेक्टरों में थे। जिससे लोगों को काफी परेशानी उठाती थी। जिसके बाद सेहतमंत्री एवं इलाके के विधायक बलबीर सिंह सिद्धू ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने पहले उक्त संबंधी प्रस्ताव तैयार किया। साथ ही जगह की निशानदेही से लेकर अन्य औचारिकताएं पूरी करवाकर इस संबंधी अन्य कार्रवाई पूरी की। सेहत विभाग की तरफ से इस संबंध में टेंडर भी लगा दिए गए हैं। जिसके बाद इस दिशा में कार्रवाई की गई। सेहत मंत्री ने बताया कि इन सेंटरों के अलावा फेज-3बी1 में 10 करोड़ की लागत से बन रहा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर इस साल अक्तूबर में हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज में भी इसी साल दाखिले शुरू होंगे। इसमें 500 बेड की सुविधा रहेगी। उन्होंने बताया कि उक्त संस्थाओं से लोगों को बेहतर सेेहत सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह फिलहाल कोरोना को मात देने के लिए कोरोना गाइडलाइन का पालन करे। साथ ही जहां तक हो सके घर से कम निकलें। कोरोना टीकाकरण जरूर करवाएं, ताकि महामारी को मात दी जा सके।